गढ़वाल विश्वविद्यालय की फर्जी डिग्री बनाने के प्रकरण में तीसरा आरोपी मंजीत सिंह भी धरा गया 

गढ़वाल विश्वविद्यालय की फर्जी डिग्री बनाने के प्रकरण में तीसरा आरोपी धरा गया

श्रीनगर। एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के नाम से फर्जी अंकतालिका और डिग्री तैयार करने के मामले में पौड़ी पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी मनजीत सिंह को दिल्ली के बसंत विहार साउथ से गिरफ्तार किया। इस मामले में पुलिस पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 25 मार्च 2026 को विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक जय सिंह चौहान की शिकायत पर कोतवाली श्रीनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में विश्वविद्यालय के नाम, अंकतालिका, उपाधि प्रारूप, मोहर और अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर तैयार कर उनका इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया था।

विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मनजीत सिंह ने भी गढ़वाल विश्वविद्यालय की फर्जी बीबीए अंकतालिका और डिग्री तैयार कराई थी। आरोप है कि इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर वह एक कंपनी में मैनेजर के पद पर नौकरी कर रहा था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस टीम ने उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद आरोपी कासिफ कलीम और प्रकाश में आए देवांश पांडे को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब तीसरे आरोपी मनजीत सिंह की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

मामले में कोतवाली श्रीनगर में बीएनएस की धारा 318(4), 336(3), 336(4), 338 और 340(2) के तहत मुकदमा दर्ज है। आरोपी मनजीत सिंह (33) पुत्र सतवीर सिंह, निवासी संतोखपुरा, थाना सदर, तहसील चरखी दादरी, जिला भिवानी, हरियाणा का रहने वाला है।