राजौरी में इस्लामिक आतंकवाद प्रभावित क्षेत्र में सर्च अभियान के मध्य अल्मोड़ा के लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी को वीरगति : मुख्यमंत्री धामी ने किया गहन शोक व्यक्त

राजौरी में इस्लामिक आतंकवाद प्रभावित क्षेत्र में सर्च अभियान के मध्य अल्मोड़ा के लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी को वीरगति

अल्मोड़ा/राजौरी। उत्तराखंड की सैन्यभूमि ने एक और वीर सपूत खो दिया। अल्मोड़ा जिले के पांडेखोला निवासी 25 वर्षीय लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में चल रहे इस्लामिक आतंकवाद विरोधी अभियान के समय वीरगति को प्राप्त हो गए। उनके बलिदान से समाचार से पूरा प्रदेश संतप्त हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भारतीय सेना की 5 असम रेजीमेंट में नियत लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी इन दिनों राजौरी के मंजाकोट क्षेत्र में चल रहे काउंटर टेररिज्म अभियान ‘ऑपरेशन शेरोवाली’ में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। अभियान के मध्य वह एक तलाशी दल का नेतृत्व कर रहे थे। दुर्गम एवं घने जंगलों वाले पहाड़ी क्षेत्र में ऑपरेशन के दौरान उनका पैर फिसल गया, जिससे वे गहरी खाई में गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। साथियों ने तत्काल बचाव अभियान चलाकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी ने मात्र दो वर्ष पूर्व भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। कम आयु में ही उन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उनके पिता प्रमोद नाथ गोस्वामी अल्मोड़ा की भनोली तहसील में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।

भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने लेफ्टिनेंट गोस्वामी की शहादत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। सेना ने कहा कि राष्ट्र उनकी वीरता, समर्पण और सर्वोच्च बलिदान को सदैव याद रखेगा।

लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी की पार्थिव देह को सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक नगर अल्मोड़ा लाया जाएगा, जहां विश्वनाथ घाट पर पूरे राजकीय एवं सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री समेत विभिन्न जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और प्रदेशवासियों ने शहीद अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उत्तराखंड के इस वीर सपूत का अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और मातृभूमि के प्रति समर्पण सदैव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।